Friday, 10 April 2015

रफ़्तार का जुनून :आईपीएल 8


ट्राफी अनावरण में सभी टीमों के कप्तान
तीव्रता समय की मांग है। फिर चाहे वह गाड़ी हो, या उसमे बजने वाला म्यूजिक। आजकल जो सुपरफास्ट नहीं, वह दौड़ में नहीं।अब जब हर कुछ इतना तेज़ है तो भला क्रिकेट क्यों पीछे छूट जाए। और यह तो इंडिया है, यहाँ हर दिल बल्ले और गेंद के संपर्क की आवाज़ से धड़क उठता है। गेंद हवा में हो तो साँसे रुक जाती है। और यदि वह बाउन्ड्री पार हो जाए तो कदम थिरक उठते हैँ।
मंगलवार की शाम हल्की बूंदा-बांदी के बीच आगाज़ हुआ क्रिकेट इस रंगारंग त्योहार आईपीएल के 8वें संस्करण का।अब आने वाले 45 दिन मौसम का मिजाज़ कुछ भी हो पर लोगों का मिजाज़ क्रिकेटमयी होने वाला है। हर शाम मनोरंजन की गारंटी के साथ एक रोमांचक मैच लाएगा। दोस्त दुश्मन बन जायेंगे और दुश्मनी यारी में बदल जायेगी,क्योंकि यहाँ सब कुछ संभव है। जिस ग्लेन मैक्सवेल के आउट होने की दुआ हम 100 करोड़ हिंदुस्तानी कर रहे थे,अब उसी के छक्कों पर हम तालियां बजायेंगे।विराट कोहली के आउट होने पर भी जश्न मनायेंगे। भाई-भाई आपस में टकराएंगे। चीयरगर्ल्स की मदमस्त अदाओं से सभी के होश उड़ जायेंगे।
उद्घाटन समारोह में ठुमके लगाती अनुष्का शर्मा
यह मौका है धूमिल हो चुके प्रतिष्ठित खिलाडियों के लिए फिर से अपनी छाप छोड़ने का। कई युवा खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचना चाहेंगे। वहीँ महंगे बिके स्टार खिलाड़ी भी अपने मालिकों को खुश करना चाहेंगे। लगभग 5 महीने बाद भारतीय सरज़मीं फिर से क्रिकेट का मंच होगा। और फिर जब बात टी-20 की होगी, तो जन-सैलाब स्टेडियम की ओर खिंचा चला आये,ये  तो लाज़मी है।

मैच के दौरान आकर्षक चीयर गर्ल्स

  आईपीएल प्रमाण है विश्व क्रिकेट में भारत की साख़ का। एक दौर था जब विदेशी खिलाड़ी भारत में खेलने से हिचकिचाते थे। पर अब आईपीएल में खेलना उनकी पहली पसंद बन चुका है। पैसे और ग्लैमर की चकाचौंध ऐसी,कि बाकी सब फीका पड़ जाए।आईपीएल एक ब्रांड है, लोकप्रियता का,विश्वसनीयता का और आधुनिकता का। बॉलीवुड सितारा हों या अरबपति उद्योगपति,सब इस क्रिकेट के महाकुम्भ में डुबकी लगाने को तैयार हैं। तो आप भी अपनी कमर कस लीजिये और सवार हो जाइये आईपीएल के उड़नखटोले पर। लेकिन भैया ज़रा ज़रा संभल के क्योंकि ज़ोर का झटका कब धीरे से लग जाए, इससे स्वयं इंद्र देवता भी अंजान हैं। ऐसा मौका फिर ना मिलेगा। इस त्योहर के रंग में आप भी सराबोर हो जाइये और कहिये "जियो क्रिकेट"।   

3 comments: